सीनियर सेकेंडरी दिल्ली पब्लिक स्कूल भभुआ में हर्षोंल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
प्रदेश आजतक
भभुआ। सीनियर सेकेंडरी दिल्ली पब्लिक स्कूल, भभुआ में हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह, उमंग एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती बेवी कुमारी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार परेड एवं कदमताल का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों का अनुशासन, उत्साह और एकरूपता देखते ही बनती थी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण, मनमोहक नृत्य, मधुर गायन तथा महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों के जीवन पर आधारित आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश के वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया तथा राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक एवं सहायक प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों तथा देश के विकास में युवा पीढ़ी की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, एकता, सद्भाव एवं राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि की मंगलकामना के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
What's Your Reaction?
