चेनारी मे मनबढ़ बदमाशों ने किशोर को मारी गोली, गंभीर हालत मे रेफर

Aug 13, 2026 - 14:17
 0  3
चेनारी मे मनबढ़ बदमाशों ने किशोर को मारी गोली, गंभीर हालत मे रेफर

रोहतास : चेनारी-कुदरा स्टेट हाईवे पर प्रखंड मुख्यालय के सामने बुधवार देर शाम एक किशोर को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।

घायल किशोर की पहचान कैमूर जिले के करमचट थाना क्षेत्र के कुडारी गांव निवासी गोरख बिंद के 17 वर्षीय पुत्र ददन बिंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह चेनारी नगर पंचायत के न्यू मोहल्ले में भी रहता है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेनारी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि उसे एक गोली लगी है। गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, सासाराम रेफर कर दिया गया।

फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। किशोर ने पुलिस को जिस स्थान पर घटना होने की जानकारी दी है, वहां आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने घटना के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।

चेनारी थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार ने बताया कि मामले को लेकर अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। घायल किशोर के बताए सुराग के आधार पर पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही उसका बयान दर्ज किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Naveen Upadhyay Cheift Editor of Pradesh ajjtak.com news channel